रांची में शुरू हुआ ‘एकलव्य शूटिंग क्लब’, झारखंड के बच्चों को ओलंपिक तक पहुंचाने का लक्ष्य
10 मीटर राइफल और पिस्टल शूटिंग का मिलेगा विशेषज्ञ प्रशिक्षण, बच्चों की प्रतिभा को मिलेगा नया मंच

रांची, 30 अगस्त 2026: झारखंड में निशानेबाजी के क्षेत्र में नई संभावनाओं का द्वार खुल गया है। डीएवी हेहल के सामने, कटहल मोड़, रांची में झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त एकलव्य शूटिंग क्लब का शुभारंभ किया गया। क्लब का उद्घाटन रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने रिबन काटकर तथा राइफल-पिस्टल चलाकर किया।

उद्घाटन समारोह में छात्र क्लब ग्रुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव किशोर शर्मा, संरक्षक शुभम् चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर क्लब के डायरेक्टर गोविंदा कुमार ने बताया कि संस्थान में झारखंड के बच्चों को 10 मीटर राइफल और 10 मीटर पिस्टल शूटिंग का प्रशिक्षण कुशल एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा।
ओलंपिक स्तर तक प्रतिभाओं को पहुंचाने का लक्ष्य

डायरेक्टर गोविंदा कुमार ने कहा कि एकलव्य शूटिंग क्लब शुरू करने का मुख्य उद्देश्य झारखंड के प्रतिभाशाली बच्चों को निशानेबाजी के क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें तथा ओलंपिक स्तर तक पहुंचकर झारखंड का नाम रोशन करें।
उप महापौर नीरज कुमार ने क्लब के शुभारंभ पर प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि अब रांची और झारखंड के बच्चों को शूटिंग प्रशिक्षण के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, छात्र क्लब ग्रुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव किशोर

शर्मा ने कहा कि रांची में इस तरह के शूटिंग क्लब की आवश्यकता थी, जिसे एकलव्य शूटिंग क्लब ने पूरा किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शहर और राज्य के बच्चे इसका भरपूर लाभ उठाएंगे।
समारोह के दौरान आशा देवी और कविता कुमारी ने अतिथियों का तिलक लगाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में मुकेश बर्मन, राजन गुप्ता, संदीप कुमार, सूरज प्रताप सिंह, आनंद कुमार उर्फ संटु कुमार, आयुष कुमार, यथार्थ परासर, नितिन राज, वेद शाहदेव, अवतार आनंद राज, शुभम् कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
संस्थान के शुभारंभ पर छात्र क्लब ग्रुप के लीगल एडवाइजर एवं विक्की के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता सोनाली भट्टाचार्य तथा विश्वकर्मा युवा सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय मुख्य संयोजक संतोष कुमार श्रेयांश ने भी क्लब के डायरेक्टर गोविंदा कुमार को शुभकामनाएं दीं।
स्थान: एकलव्य शूटिंग क्लब, डीएवी हेहल के सामने, कटहल मोड़, रांची




