Welcome to THE DAINIK AAWAZ 24 NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to THE DAINIK AAWAZ 24 NEWS
E-Paperhttps://thedainikaawaz24news.in/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifझारखंड
Trending

रांची में गूंजा ‘बोल बम’ और ‘भारत माता की जय’, तिरंगा थामे दौड़े शिवभक्त

भोले की दौड़ का लगातार दूसरे वर्ष ऐतिहासिक आयोजन, स्वर्णरेखा तट से पहाड़ी मंदिर तक उमड़ा भक्ति और राष्ट्रभक्ति का संगम

रांची में गूंजा ‘बोल बम’ और ‘भारत माता की जय’, तिरंगा थामे दौड़े शिवभक्त

भोले की दौड़ का लगातार दूसरे वर्ष ऐतिहासिक आयोजन, स्वर्णरेखा तट से पहाड़ी मंदिर तक उमड़ा भक्ति और राष्ट्रभक्ति का संगम

रांची, 17 अगस्त 2026। श्रावण सोमवारी के अवसर पर रांची में भक्ति और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रावण सोमवारी संध्या महाआरती पहाड़ी मंदिर के बैनर तले आयोजित ‘भोले की दौड़ (डाक बम)’ कार्यक्रम लगातार दूसरे वर्ष ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ। कमांडो डिफेंस एकेडमी मोराबादी के युवक-युवतियों ने हाथों में जल और तिरंगा लेकर दौड़ लगाई। इस दौरान पूरा शहर ‘बोल बम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गूंज उठा।

आयोजक नंद किशोर सिंह चंदेल के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत चुटिया स्थित इक्कीसो महादेव, स्वर्णरेखा तट पर सभी प्रतिभागियों की आरती के साथ हुई। इसके बाद शिवभक्तों ने दौड़ शुरू की और विभिन्न मार्गों से होते हुए पहाड़ी मंदिर परिसर स्थित महाकाल मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया।

कार्यक्रम का मार्ग केतारी बागान, महादेव मंडा, राम मंदिर, बहुबाजार, कर्बला चौक, चर्च रोड, मेन रोड बजरंगबली, अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल), शहीद चौक, कोतवाली थाना, बकरी बाजार, कार्ड सराय रोड और हरमू शनि मंदिर होते हुए पहाड़ी मंदिर तक रहा।

दौड़ के दौरान हाथों में जल और तिरंगे का खूबसूरत समावेश लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। सड़क किनारे शहरवासियों ने शिवभक्तों का उत्साह बढ़ाया और उनका अभिनंदन किया। आयोजक नंद किशोर सिंह चंदेल ने कहा कि रांची में इस तरह का भक्तिमय आयोजन आगे भी जारी रहेगा और सनातन संस्कृति के प्रति लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाता रहेगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में कमांडो डिफेंस एकेडमी मोराबादी के संस्थापक रोहित जी के साथ बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शाम पांच बजे पहाड़ी बाबा की भव्य संध्या आरती आयोजित की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच खीर महाभोग का प्रसाद वितरित किया गया।

आयोजक ने कार्यक्रम की सफलता के लिए राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी, रांची प्रशासन, रांची नगर निगम, एसडीओ रांची, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सिटी डीएसपी सहित चुटिया, लोअर बाजार, डेली मार्केट, कोतवाली और सुखदेवनगर थाना प्रभारियों समेत प्रशासन एवं पुलिस के सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में नंद किशोर सिंह चंदेल, निलेश चौधरी, अर्चना मिर्धा, लखन कुमार, अमन ठाकुर, सुनीता देवी, रूबी देवी, रितिक सहित कमांडो डिफेंस एकेडमी के युवक-युवतियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वहीं स्वागत समिति में रवि सिंह, छत्रधारी महतो, रेखा महतो, श्याम किशोर सिंह, अनंत तिवारी, मंटू पांडे, गणेश श्यामल, संजय कुमार शशि, रवि प्रताप और रंजीत कुमार महतो समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।

भक्ति, तिरंगा और ‘बोल बम’ के जयघोष से सराबोर यह आयोजन रांची में आस्था, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के अनोखे संगम की तस्वीर पेश कर गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!