रांची में खाद्य विभाग का छापा
त्योहारी सीजन में खाने की शुद्धता पर सवाल! गंदगी-मिलावट पर सख्त कार्रवाई की उठी मांग
रांची में खाद्य विभाग का छापा: कावेरी रेस्टोरेंट में कॉकरोच, कुप्पूस्वामी के किचेन में 15 किलो पनीर नष्ट
त्योहारी सीजन में खाने की शुद्धता पर सवाल! गंदगी-मिलावट पर सख्त कार्रवाई की उठी मांग

रांची: त्योहारी सीजन में लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने रांची में जांच अभियान तेज कर दिया है। शहर के रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और ठेले-खोमचों में हुई जांच के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आने की जानकारी है।
कावेरी रेस्टोरेंट में कॉकरोच मिलने से हड़कंप
चांदनी चौक, कांके रोड के पास स्थित कावेरी रेस्टोरेंट की जांच के दौरान परिसर में कॉकरोच पाए गए। जांच टीम को एक्सपायरी मिठाई भी मिली, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। विभाग की ओर से संचालक को नोटिस जारी कर साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।
कुप्पूस्वामी के किचेन में 15 किलो पनीर नष्ट
कांके रोड स्थित कुप्पूस्वामी के किचेन की जांच में गंदगी और पनीर में स्टार्च की मिलावट पाए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद करीब 15 किलो पनीर नष्ट कराया गया। वहीं, एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की 20 बोतलें भी मिलीं, जिन्हें नष्ट कर दिया गया।
छोले में हानिकारक रंग की शिकायत, 10 किलो सामग्री नष्ट
ऑक्सीजन पार्क के आसपास ठेले-खोमचों और चाट-पिज्जा दुकानों की जांच के दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इस दौरान छोले में हानिकारक रंग पाए जाने की जानकारी के बाद करीब 10 किलो छोले नष्ट कराए गए।
सिर्फ नोटिस नहीं, लगातार निगरानी और कड़ी कार्रवाई की मांग
जांच में सामने आई इन खामियों ने त्योहारी मौसम में लोगों को परोसे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में लोगों की मांग है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर सिर्फ नोटिस तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए और दोबारा जांच भी सुनिश्चित हो।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा दस्ताने, एप्रन और टोपी का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है। साथ ही अखबार में खाद्य पदार्थ लपेटकर या अखबार पर रखकर बेचने से भी बचने की हिदायत दी गई है।
त्योहारों के दौरान मिलावट और अस्वच्छ खाद्य सामग्री से लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा न हो, इसके लिए जांच अभियान को और व्यापक बनाने तथा दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।




