
नामकुम में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस और चोरी की 2 बाइक के साथ दो गिरफ्तार
रांची। नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों हाईटेंशन ग्राउंड के पास स्थित एक खंडहर भवन के समीप किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान छोटु उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन के पास से एक पिस्टल, मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से यामहा FZ (JH-02BD-4001) और बुलेट मोटरसाइकिल (JH01DK-8438) भी जब्त की है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की गई थीं। पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियार का इस्तेमाल छिनतई और लूट की घटनाओं में किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार छोटु के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी और छिनतई से जुड़े 17 मामले, जबकि फरमान अंसारी के खिलाफ लूट, चोरी और छिनतई के 4 मामले दर्ज हैं।
मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 272/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अन्य संभावित सहयोगियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।



