
नामकुम में मेडिकल कॉलेज खुला तो झारखंड को मिलेगा चिकित्सा शिक्षा का नया केंद्र: राजेश कच्छप
ESIC नामकुम में मेडिकल कॉलेज की मांग तेज, राजेश कच्छप ने मुख्यमंत्री से की बड़ी पहल

रांची, 5 अक्टूबर 2026: खिजरी विधायक सह कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने ESIC नामकुम में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर मुख्यमंत्री से आवश्यक पहल और अनुशंसा करने की मांग की है। विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय तथा कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर इस दिशा में ठोस पहल करने का आग्रह किया है।
राजेश कच्छप ने कहा कि नामकुम स्थित ESIC संस्थान औद्योगिक एवं संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों और उनके आश्रितों को स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बढ़ती आबादी और स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत को देखते हुए यहां मेडिकल कॉलेज की स्थापना जनहित में बड़ा कदम साबित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से झारखंड के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे, राज्य में डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बढ़ेगी और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
विधायक राजेश कच्छप ने उम्मीद जताई कि ESIC नामकुम में मेडिकल कॉलेज की स्थापना झारखंड के चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।



