
छात्रों ने थामा नया मोर्चा, झारखंड छात्र अधिकार मोर्चा का गठन
सैकड़ों छात्रों ने छोड़ा आदिवासी छात्र संघ, दया राम बने केंद्रीय अध्यक्ष
झारखंड, 06 अक्टूबर।: झारखंड के छात्र जगत में एक नए संगठन ‘झारखंड छात्र अधिकार मोर्चा’ का गठन किया गया है। संगठन के अनुसार, सैकड़ों छात्रों ने आदिवासी छात्र संघ से अलग होकर नए मंच से जुड़ने का निर्णय लिया है।
गठन के साथ केंद्रीय पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। दया राम को केंद्रीय अध्यक्ष, वसीम अंसारी को कार्यकारी अध्यक्ष, बादल भोक्ता को उपाध्यक्ष, सुनील सोरेन को कोषाध्यक्ष सह मुख्य प्रवक्ता, राकेश रौशन को महासचिव और सोनू ताती को सचिव बनाया गया।
संगठन ने छात्र हित, समान अवसर और सामाजिक न्याय को अपनी प्राथमिकता बताया है। नेताओं के अनुसार विश्वविद्यालयों में समय पर सत्र, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और रोजगारोन्मुखी शिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर छात्रों की आवाज उठाई जाएगी।
मोर्चे की आगे की रणनीति के तहत झारखंड के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में छात्र इकाइयों का गठन कर अधिक से अधिक छात्रों को संगठन से जोड़ने की योजना है।




