"संगमित्रा OCP के लिए 849.61 एकड़ जमीन का मामला
संगमित्रा OCP के लिए 849.61 एकड़ जमीन का मामला: सराडू में 8 अक्टूबर को ग्रामसभा, FRA/NOC पर होगी अहम प्रक्रिया”

बड़ी खबर: संगमित्रा OCP के लिए 849.61 एकड़ जमीन पर ग्रामसभा, 8 अक्टूबर को सराडू में होगी बैठक
“संगमित्रा OCP के लिए 849.61 एकड़ जमीन का मामला: सराडू में 8 अक्टूबर को ग्रामसभा, FRA/NOC पर होगी अहम प्रक्रिया”
टंडवा/चतरा। सीसीएल के मगध-संगमित्रा क्षेत्र अंतर्गत संगमित्रा OCP 20 MTPA परियोजना के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज होती दिख रही है। अंचल अधिकारी, टंडवा की ओर से जारी पत्र के अनुसार वनाधिकार अधिनियम-2006 के तहत FRA/NOC उपलब्ध कराने को लेकर सराडू गांव में ग्रामसभा आयोजित की जाएगी।
सरकारी पत्र में ग्रामसभा की प्रस्तावित तिथि 8 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। पत्र में दी गई जानकारी के मुताबिक परियोजना के लिए कुल 849.61 एकड़ भूमि से संबंधित FRA की आवश्यकता बताई गई है। इसमें 480.37 एकड़ अधिसूचित वनभूमि तथा 369.24 एकड़ GMJJ भूमि शामिल है।
दस्तावेज के अनुसार संबंधित भूमि का सत्यापन किया जा चुका है। तालिका में 278 खाता और 2 प्लॉट का उल्लेख है। ग्रामसभा के माध्यम से वनाधिकार अधिनियम के तहत FRA/NOC प्रस्ताव और ग्रामसभा प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
ग्रामसभा में क्या होगा?
अंचल अधिकारी के निर्देश में कहा गया है कि निर्धारित तिथि को ग्रामसभा आयोजित कर उपस्थित ग्रामीणों का नाम, पिता/पति का नाम, पता, आधार संख्या/मोबाइल नंबर और हस्ताक्षर बैठक पंजी में दर्ज किए जाएं। साथ ही ग्रामसभा की वीडियोग्राफी और बैठक पंजी का संधारण संबंधित पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा।
पत्र की प्रतिलिपि चतरा उपायुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया, वन क्षेत्र पदाधिकारी टंडवा तथा महाप्रबंधक/परियोजना पदाधिकारी, संगमित्रा OCP को भी भेजी गई है।
अब निगाहें 8 अक्टूबर की ग्रामसभा पर टिकी हैं, जहां FRA/NOC से जुड़ी प्रक्रिया में स्थानीय ग्रामीणों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।




