
झारखंड पुलिस में फर्जी सर्टिफिकेट का नया मामला! महिला जवान पर फर्जी मैट्रिक प्रमाण पत्र से नौकरी का आरोप
एक नाम, दो मार्कशीट और नौकरी पर सवाल! पुलिसकर्मी के प्रमाण पत्र को लेकर उठे गंभीर सवाल
राँची। झारखंड पुलिस में कथित फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी करने का एक और मामला सामने आया है। आरोप है कि बबीता कुमारी, जो वर्तमान में झारखंड सशस्त्र पुलिस-10 (JAP-10), महिला वाहिनी, होटवार, राँची में तैनात हैं, ने कथित तौर पर फर्जी मैट्रिक प्रमाण पत्र के आधार पर पुलिस विभाग में नौकरी हासिल की।
जानकारी के अनुसार, कोडरमा एसपी कार्यालय के पत्र संख्या 244, दिनांक 23 सितंबर 2021 में बबीता कुमारी के नाम से मैट्रिक की दो अलग-अलग अंकतालिकाओं का उल्लेख किया गया है। एक अंकतालिका में 421 अंक, जबकि दूसरी में 357 अंक दर्ज बताए गए हैं। इससे प्रमाण पत्र की प्रामाणिकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इतना ही नहीं, जिस मैट्रिक परीक्षा के प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी प्राप्त करने का दावा किया गया, उस परीक्षा में उनके शामिल होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले का एक और पहलू यह है कि बबीता कुमारी ने पुलिस सेवा में रहते हुए राँची विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान विषय में नियमित पाठ्यक्रम के तहत सत्र 2003–06/07 में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या एक ही समय में नियमित कॉलेज की पढ़ाई और पुलिस की नियमित ड्यूटी साथ-साथ संभव थी? यह पहलू भी जांच का विषय बन गया है।
यदि आरोप और दस्तावेज़ जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह मामला केवल फर्जी प्रमाण पत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भर्ती प्रक्रिया और सेवा नियमों पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करेगा। फिलहाल संबंधित आरोपों की आधिकारिक जांच और सक्षम प्राधिकारी की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है।




