आदिवासी
विश्व आदिवासी दिवस की थीम होगी 'परिसीमन', 24 जिलों में चलेगा जनजागरण अभियान

परिसीमन के मुद्दे पर आदिवासी समाज का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, 30 अगस्त को मोराबादी में होगी ‘आदिवासी एकता महाजुटान रैली’
विश्व आदिवासी दिवस की थीम होगी ‘परिसीमन’, 24 जिलों में चलेगा जनजागरण अभियान
राँची, 2 अगस्त। प्रस्तावित लोकसभा एवं
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन (Delimitation) और आदिवासी राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे को लेकर झारखंड के विभिन्न जिलों से आए आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं जनसंगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को मोराबादी स्थित पूर्व मंत्री बंधु तिर्की के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में 30 अगस्त 2026 को मोराबादी मैदान, राँची में “आदिवासी एकता महाजुटान रैली” आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि इस वर्ष 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस का मुख्य विषय “परिसीमन एवं आदिवासी राजनीतिक प्रतिनिधित्व की रक्षा” रहेगा। इस विषय पर पूरे राज्य में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि आदिवासी समाज परिसीमन के संभावित प्रभावों और अपने संवैधानिक एवं राजनीतिक अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके।
निर्णय के अनुसार, 30 अगस्त को होने वाली महाजुटान रैली में झारखंड के सभी 24 जिलों से हजारों की संख्या में आदिवासी समाज, पारंपरिक ग्राम प्रधान, सामाजिक संगठन, छात्र-युवा, महिला संगठन, बुद्धिजीवी एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजकों ने इसे आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक जनसमागम बताया है।
रैली की तैयारियों को लेकर 6 अगस्त से 18 अगस्त 2026 तक पूरे झारखंड में राज्यव्यापी जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत गढ़वा और पलामू से होगी, जिसमें पूर्व मंत्री बंधु तिर्की शामिल रहेंगे। इसके बाद सभी जिलों में बैठकें, जनसंवाद, संगठन विस्तार और रैली को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में परिसीमन के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा करते हुए रैली की रूपरेखा, जिला संयोजकों एवं जिला प्रवक्ताओं की नियुक्ति, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही समाज के बीच परिसीमन से जुड़ी तथ्यात्मक एवं संवैधानिक जानकारी पहुँचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, दयामनी बारला, पूर्व मेयर रमा खलखो, शशि पन्ना, दीनबंधु बोइपोई, विनय उरांव, बिन्सय मुंडा, नीरज भोगता, विकास उरांव, सेल्सटीन कुजूर, रिंकू कच्छप, आर्सेन तिर्की, अनूप लकड़ा, सुनील मिंज, विकी धान, विजय भोगता, दिनेश सिंह, निश्चल सोय सहित विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




