NCCF
रांची नगर निगम (RMC) के सफाई कर्मियों के बीच फर्स्ट एड किट का किया वितरण

सहकारिता सप्ताह: एनसीसीएफ ने सफाई कर्मियों को बांटी फर्स्ट एड किट
Dainik Aawaz 24 News रांची। सहकारिता
सप्ताह के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (NCCF) की रांची शाखा ने सामाजिक सरोकार की दिशा में पहल करते हुए रांची नगर निगम (RMC) के सफाई कर्मियों के बीच फर्स्ट एड किट का वितरण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके योगदान का सम्मान करना था।

कार्यक्रम में एनसीसीएफ रांची के शाखा प्रबंधक प्रिंस कुमार सहित शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रिंस कुमार ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा में इन कर्मियों का योगदान अमूल्य है और सहकारिता सप्ताह के अवसर पर उनके स्वास्थ्य व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह छोटा-सा प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ सहकारिता सदस्य मनोज झा ने भी सफाई कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सहकारिता के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए समाज निर्माण में स्वच्छता कर्मियों की अहम भूमिका की सराहना की और उन्हें पूरी ऊर्जा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
फर्स्ट एड किट प्राप्त करने वाले नगर निगम के सफाई कर्मियों ने एनसीसीएफ की इस पहल की सराहना करते हुए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में एनसीसीएफ के अधिकारियों ने भविष्य में भी जनहित और सहकारिता से जुड़े ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।




