जनता दरबार में डीसी मंजूनाथ भाजनंत्री का सख्त संदेश: लापरवाही और भ्रष्टाचार पर होगी कड़ी कार्रवाई रांची
राजस्व मामलों में लापरवाही, भ्रष्टाचार और अनावश्यक विलंब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

जनता दरबार में डीसी मंजूनाथ भाजनंत्री का सख्त संदेश: लापरवाही और भ्रष्टाचार पर होगी कड़ी कार्रवाई रांची | दैनिक आवाज़ 24 न्यूज़
रांची समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त मंजूनाथ भाजनंत्री ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और अंचलों से पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व मामलों में लापरवाही, भ्रष्टाचार और अनावश्यक विलंब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कई शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
जनता दरबार में भूमि विवाद, म्यूटेशन, पंजी-2 सुधार, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, चिकित्सा सहायता, राशन कार्ड और अबुआ आवास योजना से जुड़े बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए।
सोनाहातू के कालीपद महतो ने न्यायालय एवं भूमि सुधार विभाग से अनुमति मिलने के बावजूद म्यूटेशन नहीं होने की शिकायत की। इस पर डीसी ने सोनाहातू अंचलाधिकारी को शोकॉज करने और नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं पंजी-2 सुधार में लापरवाही की शिकायत पर राजस्वकर्मी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक वंकीम चंद्र गांगुली को भी शोकॉज जारी करने और विस्तृत जांच कराने का आदेश दिया गया।
तमाड़ के एक निवासी की शिकायत पर, जहां सभी दस्तावेज उपलब्ध होने के बावजूद राजस्व कार्य लंबित था, संबंधित अंचल निरीक्षक और कर्मचारी को भी शोकॉज करने तथा जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
ईटकी निवासी ने पुश्तैनी जमीन पर धोखाधड़ी से कब्जा करने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं चान्हो प्रखंड के बयासी गांव में भूमि विवाद के मामले में ग्रामसभा के माध्यम से नियमानुसार समाधान कराने को कहा गया।
जनता दरबार में सरजू कुमार ने एम्स, नई दिल्ली में इलाजरत अपने बच्चे के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर उपायुक्त ने तत्काल सिविल सर्जन से बात कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
राहे प्रखंड के निवासी सनी देओल ने स्वेच्छा से अपना गुलाबी राशन कार्ड सरेंडर किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने जिले के सभी अपात्र राशन कार्डधारियों से भी स्वेच्छा से राशन कार्ड सरेंडर करने की अपील की, ताकि पात्र और जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
इसके अलावा पंजी-2 सुधार, अबुआ आवास योजना और अन्य योजनाओं से जुड़े मामलों के समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए। ऑटिज्म से पीड़ित बच्चे के साथ पहुंचे एक दंपति की समस्या सुनकर जिला शिक्षा अधीक्षक एवं समाज कल्याण पदाधिकारी को बच्चे को संस्थागत शिक्षा से जोड़ने तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं विशेषज्ञ संस्थानों से लिंक करने के निर्देश भी दिए गए।
डीसी का स्पष्ट संदेश
जनता दरबार के अंत में उपायुक्त मंजूनाथ भाजनंत्री ने दोहराया कि आम नागरिकों के कार्यों में अनावश्यक देरी, भ्रष्टाचार, लापरवाही और नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
— दैनिक आवाज़ 24 न्यूज़




