धुर्वा पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रांगण में 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न

Ranchi: धुर्वा पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रांगण में 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न

रांची। जनहित सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में धुर्वा स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रांगण में 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, संस्था के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

जनहित सेवा ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि संस्था पिछले कई वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है और जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता करती आ रही है। सामूहिक विवाह समारोह के माध्यम से ऐसे परिवारों के युवक-युवतियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।

संस्था की अध्यक्ष रेणु देवी के नेतृत्व में अब तक 4 हजार से अधिक जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जा चुका है। संस्था का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर सहयोग प्रदान करना है।
समारोह में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की गई। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी जनहित एवं सामाजिक सेवा से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर रेणु देवी (अध्यक्ष), राहुल सिंह (सचिव), धर्मेंद्र गिरी ( श्रमजीवी पत्रकार प्रदेश अध्यक्ष), निगार सुल्ताना, मीरा गुप्ता, सोनू पटवा, नागेश्वर साहू, इंदु देवी, ज्योति शर्मा, इबरार कुरैशी एवं निर्मला देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।




