Ranchi Police
घूस मांगने का आरोप, पुलिस के तीन अलग-अलग बयान; पंडरा थाना की घटना पर उठे कई सवाल

Big Breakinh News: घूस मांगने का आरोप, पुलिस के तीन अलग-अलग बयान; पंडरा थाना की घटना पर उठे कई सवा
रांची। राजधानी रांची के पंडरा ओपी में हिरासत में रखी गई एक महिला द्वारा कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महिला को गंभीर हालत में सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और अगले 24 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं।
जानकारी के अनुसार, चोरी के एक मामले में पुलिस मंगलवार शाम महिला और उसके पति को पूछताछ के लिए थाने लाई थी। आरोप है कि रातभर दोनों से पूछताछ की गई और बाद में उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया। बुधवार सुबह महिला ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने पंडरा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने मामले में समझौते के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की थी। आरोप है कि पुलिस ने कहा था कि महिला को नहीं छोड़ा जाएगा, जबकि उसके पति को छोड़ने की बात कही गई थी। हालांकि, पुलिस इन आरोपों से इनकार कर रही है और दावा कर रही है कि महिला की निशानदेही पर चोरी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
इस मामले में पुलिस के अलग-अलग बयानों ने विवाद को और बढ़ा दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि महिला ने बाथरूम में आत्महत्या की कोशिश की, जबकि पीड़िता के पति का दावा है कि घटना हाजत (कमरे) के अंदर हुई। वहीं अस्पताल पहुंचाने वाले एक पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि महिला ने थाने के बाहर बरामदे में फांसी लगाने का प्रयास किया।
एक ही घटना को लेकर पुलिस के तीन अलग-अलग बयान सामने आने से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि घटना बाथरूम में हुई, तो वहां फांसी लगाने की व्यवस्था कैसे थी। अब निगाहें वरीय पुलिस अधिकारियों की जांच पर टिकी हैं, जिससे पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।




