Hospital in Ranchi
रांची में विश्वस्तरीय मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य के नए युग का आगाज

रांची में विश्वस्तरीय मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य के नए युग का आगाज: ‘ब्लॉसम हॉस्पिटल’ का भव्य उद्घाटन
दैनिक आवाज न्यूज,राँची: झारखंड की राजधानी रांची में स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई ऊंचाई प्रदान करने के उद्देश्य से ‘ब्लॉसम – मैटरनिटी एंड चाइल्ड केयर हॉस्पिटल’ (Blossom – Maternity & Child Care Hospital) का भव्य शुभारंभ 19 अप्रैल 2026 को होने जा रहा है। डंगराटोली चौक, लालपुर स्थित वेस्टर्न मॉल में स्थापित यह अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्र विशेष रूप से मातृत्व, शिशु और महिला स्वास्थ्य के लिए समर्पित होगा।
उद्घाटन की पूर्व संध्या पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अस्पताल के निदेशकों ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के विजन और सुविधाओं को साझा किया।इस विशेष समारोह में भारत सरकार के माननीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। साथ ही, विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड विधानसभा के माननीय सदस्य श्री सी.पी. सिंह और विशेष अतिथि के रूप में सदर अस्पताल के डीएमएस डॉ. बिमलेश कुमार सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अस्पताल की निदेशक डॉ. रुही श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि इस केंद्र का प्राथमिक उद्देश्य हर माँ और शिशु को गुणवत्तापूर्ण देखभाल सुनिश्चित करना है ताकि उन्हें स्थानीय स्तर पर ही सुरक्षित चिकित्सा मिल सके। निदेशक डॉ. राज नारायण साहू ने आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञता के मेल से विश्वसनीय उपचार प्रदान करने की बात कही, जबकि डॉ. सुबोध कुमार सिंह ने अस्पताल की पारदर्शिता और मरीजों के प्रति समग्र प्रतिबद्धता पर जोर दिया। 
निदेशक श्रीमती नीलम साहू ने इस बात को रेखांकित किया कि ब्लॉसम हॉस्पिटल का लक्ष्य केवल उपचार नहीं, बल्कि परिवारों को एक सुरक्षित और भरोसेमंद अनुभव प्रदान करना है।अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस अस्पताल में मातृत्व देखभाल, बाल रोग, स्त्री रोग, बांझपन निवारण, गर्भाधान सेवाएं और नवजात शिशुओं के लिए विशेष एनआईसीयू (NICU) जैसी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इस पहल से रांची और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अब विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूसरे राज्यों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन ने शहर के नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों को इस ऐतिहासिक शुरुआत का साक्षी बनने के लिए सादर आमंत्रित किया है।




