Uncategorized
Trending

पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों के पालन का आदेश

दुर्गा पूजा को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट, DC-SSP ने शहर के पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

फायर सेफ्टी से भीड़ नियंत्रण तक सख्त निर्देश, पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों के पालन का आदेश

रांची। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शुक्रवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।

प्रशासनिक टीम ने आरआर स्पोर्टिंग क्लब, बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल, ओसीसी क्लब, जिला स्कूल रामलाला, चंद्रशेखर क्लब, कोकर, बूटी मोड़, चुटिया, हरमू पंच मंदिर और हरमू बाईपास रोड स्थित सत्य अमर लोक पूजा पंडाल का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पंडाल की संरचना, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास, पार्किंग, यातायात, सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छता समेत श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जांच की गई।

सुरक्षा मानकों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने पूजा समितियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पूजा समितियों को फायर फाइटिंग सिस्टम दुरुस्त रखने, आपातकालीन निकास मार्ग अवरोधमुक्त रखने, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने और महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश-निकास की व्यवस्था करने को कहा गया।

इसके अलावा भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती, महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्था तथा संदिग्ध गतिविधि या किसी भी आपात स्थिति की तत्काल सूचना पुलिस-प्रशासन को देने का निर्देश दिया गया।

पुलिस-प्रशासन के साथ लगातार समन्वय रखने का निर्देश

जिला प्रशासन ने पूजा समितियों से पुलिस और प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने को कहा है। समिति के प्रमुख पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों के संपर्क नंबर संबंधित अधिकारियों के पास उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

डीसी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर प्रशासन एवं पुलिस की सतत निगरानी रहेगी। जिला प्रशासन ने पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!