
पेसा नियमावली 2025 के तहत अलौदिया में विशेष ग्रामसभा, सहायक सचिव और कोषाध्यक्ष का सर्वसम्मति से चयन
ग्राम प्रधान प्रभु तुरी की अध्यक्षता में ऐतिहासिक ग्रामसभा सम्पन्न, ग्रामीणों
ने दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगाई मुहर
चंदवा/लातेहार: लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड अंतर्गत अलौदिया पंचायत में बुधवार को झारखंड पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्र) पेसा नियमावली 2025 के तहत विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। पंचायत सचिवालय भवन, अलौदिया में सुबह 11 बजे आयोजित इस महत्वपूर्ण ग्रामसभा की अध्यक्षता ग्राम प्रधान प्रभु तुरी ने की।
ग्रामसभा का आयोजन पंचायती राज विभाग के पत्रांक 1190 दिनांक 15/04/2026, उपायुक्त लातेहार के पत्रांक 1310/पं दिनांक 17/07/2026 तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी के पत्रांक 894 दिनांक 18/08/2026 के आलोक में किया गया।
बैठक के दौरान ग्रामीणों को पेसा नियमावली 2025 के प्रावधानों और ग्रामसभा की भूमिका की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से कंडिका-13 के तहत ग्रामसभा स्तर पर आवश्यक संस्थागत व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई, जिसमें सहायक सचिव और कोषाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई।
ग्रामसभा में उपस्थित ग्रामीणों की सर्वसम्मति से दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए—
पहला प्रस्ताव: कोषाध्यक्ष पद के लिए रूपेश उरांव, पिता—बंधु उरांव का चयन किया गया।
दूसरा प्रस्ताव: सहायक सचिव पद के लिए अशोक लोहारा, पिता—स्वर्गीय कृपाल लोहारा का चयन किया गया।
बैठक में बालेश्वर लोहारा, कृष्णा लोहरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित ग्रामीणों ने हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान के माध्यम से चयन प्रक्रिया पर अपनी सहमति प्रदान की।
ग्रामसभा के माध्यम से पेसा नियमावली 2025 के तहत ग्राम स्तर पर संस्थागत व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। अंत में ग्राम प्रधान प्रभु तुरी ने सभी ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभा समाप्ति की घोषणा की।
ग्रामीणों की सहभागिता और सर्वसम्मति के साथ सम्पन्न यह ग्रामसभा स्थानीय स्वशासन और ग्रामसभा की भूमिका को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



