E-Paperझारखंड
Trending

Ranchi Nagar Nigam

ची की सड़कों की बदलेगी तस्वीर, रोड ग्रेडिंग सिस्टम लागू; मॉडल कॉरिडोर पर शुरू हुआ काम

रांची की सड़कों की बदलेगी तस्वीर, रोड ग्रेडिंग सिस्टम लागू; मॉडल कॉरिडोर पर शुरू हुआ काम

रांची: राजधानी रांची की सड़क व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और टिकाऊ बनाने के लिए रांची नगर निगम ने रोड ग्रेडिंग सिस्टम लागू कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत निगम क्षेत्र की सभी प्रमुख और आंतरिक सड़कों का गुणवत्ता के आधार पर सर्वे कर उन्हें चार श्रेणियों में वर्गीकृत किया जा रहा है। साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों को मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम शुरू हो गया है।

नगर निगम के अनुसार, सभी 53 वार्डों में जूनियर इंजीनियर, सहायक अभियंता एवं संबंधित टीमों द्वारा सड़क सर्वेक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के बाद सड़कों को गुड, एवरेज, पुअर और वेरी पुअर श्रेणियों में बांटा जाएगा। गुड श्रेणी की सड़कों पर नियमित रखरखाव, एवरेज श्रेणी में पैचवर्क व हल्की मरम्मत, पुअर श्रेणी की सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत तथा वेरी पुअर श्रेणी की सड़कों का पुनर्निर्माण किया जाएगा।

नगर निगम का कहना है कि इस ग्रेडिंग सिस्टम से यह तय करना आसान होगा कि किन क्षेत्रों में तत्काल मरम्मत या पुनर्निर्माण की आवश्यकता है। इससे सड़क निर्माण और रखरखाव कार्यों में पारदर्शिता आएगी तथा उपलब्ध बजट का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।

मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित होंगे प्रमुख मार्ग

शहर के प्रमुख मार्गों को मॉडल कॉरिडोर बनाने की योजना के तहत कांके रोड, राम मंदिर से रातू रोड चौक, हरमू बाइपास, सिरमटोली सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों का चयन किया गया है। इन मार्गों पर अतिक्रमण हटाने, फुटपाथ निर्माण, आधुनिक स्ट्रीट लाइट, हरियाली, ड्रेनेज सुधार, ट्रैफिक प्रबंधन और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे।

मानसून प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष फोकस

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि नगर निगम और रोड कंस्ट्रक्शन विभाग मिलकर शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण सड़कों की ग्रेडिंग का कार्य शुरू हो चुका है और उसी के आधार पर मरम्मत, पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की प्राथमिकता तय की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान जलजमाव और खराब सड़कों वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बारिश समाप्त होने के बाद इन इलाकों में सड़क और ड्रेनेज की स्थायी व्यवस्था विकसित की जाएगी।

नगर निगम का लक्ष्य केवल गड्ढों की मरम्मत करना नहीं, बल्कि पूरे शहर के सड़क नेटवर्क को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक और व्यवस्थित बनाना है। रोड ग्रेडिंग सिस्टम और मॉडल कॉरिडोर परियोजना पूरी होने के बाद राजधानी रांची में सड़क और यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!