E-Paperक्राइमझारखंडराज्य
Trending

दुर्गापूजा-दीपावली को लेकर हजारीबाग पुलिस अलर्ट

अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर: लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन से अवैध खनन-मादक पदार्थ तक, एसपी ने दिए सख्त निर्देश

दुर्गापूजा-दीपावली को लेकर हजारीबाग पुलिस अलर्ट, पंडालों में सिविल ड्रेस में जवान और ड्रोन से होगी निगरानी

अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर: लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन से अवैध खनन-मादक पदार्थ तक, एसपी ने दिए सख्त निर्देश

हजारीबाग: दुर्गापूजा एवं दीपावली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर हजारीबाग पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से लेकर लंबित मामलों के निष्पादन, अपराधियों की निगरानी और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

पंडालों में सिविल ड्रेस में तैनात होंगे पुलिसकर्मी

दुर्गापूजा के दौरान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष फोकस रखने का निर्देश दिया गया है। पूजा पंडालों में सिविल ड्रेस में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि असामाजिक तत्वों और हुड़दंग करने वालों पर नजर रखी जा सके। पूर्व के असामाजिक तत्वों और पुराने सांप्रदायिक मामलों में वांछित लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है।

पुलिस मुख्यालय, झारखंड द्वारा जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं केंद्रीय अर्धसैनिक बल की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।

ड्रोन से होगी विसर्जन मार्ग की निगरानी

मूर्ति विसर्जन के जुलूस मार्ग का थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर से भौतिक सत्यापन किया जाएगा। साथ ही ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी। विसर्जन वाले तालाबों में गोताखोर, रस्सी और ट्यूब जैसी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

महिला अपराध और POCSO मामलों पर विशेष निगरानी

महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म और POCSO से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता देते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया है। वर्ष 2026 से पहले के लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया गया।

सितंबर में 340 कांड दर्ज, 625 मामलों का निष्पादन

पुलिस के अनुसार, सितंबर 2026 में हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में 340 कांड दर्ज किए गए, जबकि 625 कांडों का निष्पादन किया गया। इसी अवधि में 1045 वारंट/कुर्की प्राप्त हुए और 1549 वारंट/कुर्की का निष्पादन किया गया। वहीं 1140 पासपोर्ट में से 1173 तथा 156 चरित्र सत्यापन में से 180 का निष्पादन किया गया।

नशा, अवैध खनन और संगठित अपराध पर चलेगा विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक ने अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त लोगों और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ CCA, थाना हाजिरी और गुंडा पंजी जैसी कार्रवाई के प्रस्ताव भेजने को कहा गया।

अवैध कोयला, बालू और पत्थर उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए अंचल अधिकारियों और जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।

साइबर अपराध और जेल से बाहर आए अपराधियों पर भी नजर

साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही पिछले 5 वर्षों में जेल से बाहर आए अपराधकर्मियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को आम लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनने और उनका समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!